Quad और ASEAN Summit में दुनिया ने माना Modi Diplomacy का लोहा, China जाने से पहले मोदी से मिले Trump, दोनों ने मिलकर पलटा पूरा गेम
मनीला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीतिक सक्रियता ने वैश्विक राजनीति में भारत की भूमिका को एक बार फिर केंद्र में ला दिया है। आसियान सम्मेलन और क्वॉड शिखर बैठक के बीच मोदी की मौजूदगी इसलिए भी महत्वपूर्ण रही कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी तीन दिवसीय एशियाई यात्रा की शुरुआत ही क्वॉड नेताओं के साथ बैठक से की। दो साल बाद हुई इस पहली क्वॉड शिखर बैठक में ट्रंप ने पहली बार इस समूह के नेताओं के साथ आमने-सामने बातचीत की। इसके तत्काल बाद उनका चीन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ महत्वपूर्ण त्रिपक्षीय संवाद प्रस्तावित है। ऐसे समय में समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति, चीन पर तकनीकी निर्यात प्रतिबंध, सप्लाई चेन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे मुद्दों पर क्वॉड की एकजुटता प्रदर्शित करना विशेष रणनीतिक महत्व रखता है।
साथ ही इसी बैठक में ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को अपना मित्र, महान नेता और पूरी दुनिया में सम्मानित व्यक्तित्व बताते हुए उनकी खुले मंच से प्रशंसा की। यह घटनाक्रम मोदी की कूटनीति और भारत की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता को रेखांकित करता है। एक ही यात्रा में मोदी ने अमेरिका के साथ रणनीतिक साझेदारी को मजबूती देने, जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ क्वॉड के साझा एजेंडे को आगे बढ़ाने, आसियान देशों के साथ आर्थिक एवं सामरिक सहयोग का विस्तार करने और फिलीपींस, थाईलैंड तथा सिंगापुर के राष्ट्राध्यक्षों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने जैसे कई महत्वपूर्ण मोर्चों पर भारत की उपस्थिति दर्ज कराई है। यह यात्रा दिखाती है कि प्रधानमंत्री मोदी अंतरराष्ट्रीय मंचों का इस्तेमाल केवल औपचारिक मुलाकातों के लिए नहीं, बल्कि भारत के दीर्घकालिक रणनीतिक हितों को आगे बढ़ाने के लिए कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: Manila में Modi ने पलटा पूरा गेम, India का Global Power वाला रूप देखकर China परेशान
जहां तक क्वॉड बैठक की बात है तो आपको बता दें कि ट्रंप ने इस दौरान मोदी को 'टफ मैन', 'ग्रेट लीडर' और अपना दोस्त बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का पूरी दुनिया में सम्मान है। ट्रंप ने भारत और अमेरिका के संबंधों को शानदार बताते हुए कहा कि दोनों देश करीबी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। देखा जाये तो यह महज औपचारिक प्रशंसा नहीं, बल्कि उस समय आया महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति अपनी तीन दिवसीय एशियाई यात्रा के तहत चीन जाने वाले हैं और वहां राष्ट्रपति शी जिनपिंग तथा रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ उनकी मुलाकात प्रस्तावित है। कूटनीतिक हलकों में जिनपिंग और पुतिन से मुलाकात करने से पहले ट्रंप की मोदी से वार्ता को अहम घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
साथ ही चीन जैसे महत्वपूर्ण कूटनीतिक दौर से पहले ट्रंप का मोदी के प्रति सार्वजनिक सम्मान प्रदर्शित करना अंतरराष्ट्रीय राजनीति में कई संदेश देता है। पहला संदेश यह है कि अमेरिका भारत को हिंद-प्रशांत क्षेत्र की अपनी महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदारी के रूप में देखता है। दूसरा संदेश है कि चीन के साथ बातचीत की मेज पर बैठने से पहले अमेरिका अपने उन साझेदारों के महत्व को भी रेखांकित कर रहा है, जो एशिया में शक्ति संतुलन बनाए रखने में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। तीसरे संदेश में रूस और चीन के साथ अपने संबंधों को साधने की अमेरिकी कोशिशों के बीच भारत की स्वतंत्र और प्रभावशाली विदेश नीति की अहमियत सामने आती है।
देखा जाये तो मोदी और ट्रंप के व्यक्तिगत संबंधों की केमिस्ट्री इस कूटनीतिक समीकरण को और महत्वपूर्ण बनाती है। दोनों नेताओं के बीच सार्वजनिक मंच पर दिखाई देने वाला विश्वास भारत-अमेरिका संबंधों को राजनीतिक मजबूती देने में सहायक है। रक्षा, व्यापार, अत्याधुनिक तकनीक, ऊर्जा और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर दोनों देशों के सहयोग का व्यापक महत्व है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय संबंध केवल व्यक्तिगत मित्रता से नहीं चलते, लेकिन जब व्यक्तिगत विश्वास के साथ रणनीतिक हित भी जुड़ जाते हैं, तो साझेदारी को आगे बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत होती हैं।
क्वॉड की बैठक में मोदी का स्पष्ट संदेश
हम आपको बता दें कि मनीला में क्वॉड की बैठक भारत की कूटनीतिक सक्रियता का एक और महत्वपूर्ण अध्याय रही। भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के इस रणनीतिक समूह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने क्वॉड को रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि समुद्री सुरक्षा, विश्वसनीय आपूर्ति शृंखला, नई तकनीक और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में क्वॉड पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र को विश्वसनीय समाधान उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है।
मोदी ने यह भी बताया कि पिछले वर्ष जनवरी से अब तक क्वॉड देशों के विदेश मंत्रियों की पांच बैठकें हो चुकी हैं। यह चारों देशों की राजनीतिक इच्छाशक्ति और साझेदारी के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। खास बात यह है कि मोदी ने क्वॉड के एजेंडे को केवल चीन के प्रभाव को चुनौती देने तक सीमित नहीं रखा, बल्कि क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक मजबूती और तकनीकी सहयोग का व्यापक स्वरूप दिया। यही मोदी की कूटनीति की विशेषता है। वह रणनीतिक प्रतिस्पर्धा के बीच सहयोग का रास्ता भी खुला रखते हैं और भारत के राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों का विस्तार करते हैं।
आसियान के साथ रिश्तों को नई ऊंचाई
इसके अलावा, 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत की एक्ट ईस्ट नीति ने दक्षिण-पूर्व एशिया के साथ संबंधों को नई गति और गहराई दी है। उन्होंने कहा कि भारत और आसियान का भविष्य प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि सहयोग से तय होना चाहिए। दोनों पक्ष दुनिया की लगभग एक चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। मोदी ने समुद्री सहयोग, साइबर फॉरेंसिक प्रशिक्षण, परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष, महत्वपूर्ण खनिज, युवाओं के आदान-प्रदान और आसियान देशों के नागरिकों के लिए मुफ्त ई-वीजा सहित नौ महत्वपूर्ण पहल प्रस्तावित कीं। वर्ष 2027 में भारत-आसियान संबंधों के 35 वर्ष पूरे होने के अवसर को भी उन्होंने साझेदारी के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण बताया।
साथ ही द्विपक्षीय मोर्चे पर भी प्रधानमंत्री की सक्रियता दिखाई दी। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के साथ रक्षा, सुरक्षा, अंतरिक्ष, रेलवे, फिनटेक और व्यापार पर चर्चा हुई। थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल के साथ रक्षा, निवेश, डिजिटल तकनीक और संपर्क बढ़ाने पर बातचीत हुई। वहीं सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग के साथ व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत आठ प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की गई।
गुरुद्वारे से भी दिया सांस्कृतिक और राजनीतिक संदेश
इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी का मनीला स्थित खालसा दीवान गुरुद्वारे पहुंचना भी विशेष महत्व रखता है। वर्ष 1901 में स्थापित यह फिलीपींस का सबसे पुराना गुरुद्वारा है। मोदी ने यहां अरदास में भाग लिया और गुरुद्वारे के पुनर्विकास की आधारशिला रखने के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यह कदम विदेश में बसे भारतीय और सिख समुदाय के साथ भारत के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती देने का संदेश देता है। देखा जाये तो इस यात्रा का पंजाब की राजनीति के संदर्भ में भी प्रतीकात्मक महत्व निकाला जा सकता है। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले गुरुद्वारे में प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी और सिख विरासत के प्रति सम्मान राजनीतिक विमर्श में चर्चा का विषय बन सकता है।
चीन और रूस के लिए क्या है संदेश?
साथ ही पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में मोदी ने शांति, स्थिरता, समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय कानून आधारित व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होंने यूक्रेन और पश्चिम एशिया में शांति के प्रयासों का समर्थन करने, समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आतंकवाद तथा साइबर अपराध जैसी चुनौतियों से मिलकर निपटने की बात कही।
देखा जाये तो इस पूरे घटनाक्रम का सबसे बड़ा संदेश यही है कि भारत किसी एक शक्ति खेमे का हिस्सा बने बिना दुनिया की प्रमुख ताकतों के साथ अपने संबंधों को आगे बढ़ाने की क्षमता रखता है। ट्रंप का मोदी की प्रशंसा करना, क्वॉड में भारत की सक्रिय भूमिका और आसियान देशों के साथ बढ़ता सहयोग इसी बदलती वैश्विक स्थिति को रेखांकित करता है।
बहरहाल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मनीला यात्रा ने एक बार फिर भारत की बढ़ती कूटनीतिक सक्रियता और वैश्विक मंच पर उसकी प्रभावशाली उपस्थिति को रेखांकित किया है। आसियान सम्मेलन से लेकर क्वॉड की महत्वपूर्ण बैठक, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सार्वजनिक प्रशंसा और कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ रणनीतिक द्विपक्षीय मुलाकातों तक, मोदी ने एक ही यात्रा में कूटनीति के कई मोर्चों पर भारत की मौजूदगी दर्ज कराई। ट्रंप की चीन और रूस यात्रा से ठीक पहले मोदी को अपना मित्र, महान नेता और दुनिया भर में सम्मानित व्यक्तित्व बताना इस दौरे को और महत्वपूर्ण बना देता है। मोदी की कूटनीति की यही विशेषता है कि वे एक ही अंतरराष्ट्रीय दौरे में ऐसे रणनीतिक संवाद, राजनीतिक स्वीकार्यता और वैश्विक ध्यान हासिल करने में सफल होते दिखाई देते हैं, जिनके लिए दूसरे राष्ट्राध्यक्षों को कई देशों की यात्राओं और लंबे कूटनीतिक प्रयासों की जरूरत पड़ती है। मनीला से निकला संदेश साफ है कि भारत अब वैश्विक शक्ति समीकरणों में केवल एक सहभागी नहीं, बल्कि महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार के रूप में अपनी भूमिका मजबूत कर रहा है।
-नीरज कुमार दुबे
from Hindi News - News in Hindi - Latest News in Hindi | Prabhasakshi https://ift.tt/uehQkX2
Comments
Post a Comment