बिहार फिर बनने जा रहा है विपक्षी एकता की धुरी, लेकिन इससे राज्य को मिलेगा क्या ?
पिछले लंबे समय से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा की जा रही मेहनत अब रंग लेती नजर आ रही है। अब लगभग यह साफ हो गया है कि देश के विरोधी दलों की एक बड़ी और साझा बैठक बिहार की राजधानी पटना में 12 जून को होने जा रही है। उसी बिहार में जहां की धरती से राष्ट्रपति महात्मा गांधी ने आजादी के आंदोलन की अलख जलाई थी, उसी बिहार में जहां से लोक नायक जयप्रकाश ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध आंदोलन की शुरुआत कर तत्कालीन इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल को उखाड़ फेंका था। हालांकि अब भी यह एक बड़ा सवाल बिहार और बिहारियों के लिए पहले की तरह ही बना हुआ है कि उसकी धरती पर होने जा रहे इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम से उसको मिलने क्या जा रहा है। क्या बिहार की तस्वीर और तकदीर बदलने जा रही है ? क्या बिहार बदलने जा रहा है ? क्या शिक्षा और नौकरी के लिए बिहारियों को इसके बाद पलायन नहीं करना पड़ेगा ? यह कहा जा सकता है कि वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में ये सारे सवाल बेमानी हैं क्योंकि यह पूरी कवायद 2024 में होने वाले लोक सभा चुनाव के लिए की जा रही है। लेकिन पिछले 33 सालों से कभी मिलकर, कभी अलग होकर, कभी फिर से साथ आकर...