सपा ने लोकसभा चुनाव के लिए टिकट तो बाँट दिये मगर अपने उम्मीदवारों को जिताएंगे कैसे?
आम चुनाव के नतीजे कुछ भी हों, लेकिन समाजवादी पार्टी ने करीब दो महीने बाद होने जा रहे लोकसभा चुनावों में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करने के मामले में सभी दलों को पछाड़ दिया है। ऐसा करके सपा ने भाजपा पर मनोवैज्ञानिक बढ़त बनाने की कोशिश की है, लेकिन उसका यह दांव कितना ठीक बैठेगा अभी कहा नहीं जा सकता है। हो सकता है कि सपा ने अपने पत्ते खोलकर भाजपा को अपनी मजबूत रणनीति बनाने का मौका दे दिया हो। वहीं इसमें कांग्रेस के लिए भी एक संदेश छिपा है कि वह जल्द से जल्द कोई निर्णय ले ले, नहीं तो सपा को अकेले चुनाव मैदान में कूदने में संकोच नहीं होगा। समाजवादी पार्टी की प्रत्याशियों की पहली लिस्ट में अखिलेश यादव ने जिन 16 उम्मीदवारों के नाम घोषित किये हैं उसमें यादव कुनबे के तीन उम्मीदवार क्रमशः पत्नी डिंपल यादव, चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव और अक्षय यादव का नाम सामने आया है, जिनके टिकट तय कर दिये गये हैं। सपा ने जिताऊ प्रत्याशी उतारने के चक्कर में बसपा और कांग्रेस से आए कुछ नेताओं को भी टिकट थमा दिया है। अखिलेश के इस कदम को एक तरफ इंडिया गठबंधन की आपसी राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है तो वहीं इस ऐलान...