Jairam Ramesh ने पहले अमृत काल को अमरूद काल कहा, अब उन्हें G-20 शिखर सम्मेलन से तकलीफ हो रही है
भारत को जबसे जी-20 की अध्यक्षता मिली है तबसे विपक्ष के कुछ नेता बहुत परेशान हैं। खासकर कांग्रेस नेता जयराम रमेश बहुत ज्यादा तकलीफ में नजर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर वक्तव्य, हर उपलब्धि, हर फैसले और हर नीति पर कटाक्ष करने से नहीं चूकने वाले जयराम रमेश मोदी विरोध में कभी कभी बहुत आगे निकल जाते हैं। जैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर आजादी के अमृत काल को देश ने धूमधाम से मनाया लेकिन जयराम रमेश ने अमृत काल को अमरूद काल बता दिया। भारत को विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनाने की बात कही गयी तो जयराम रमेश ने कह दिया कि इसमें सरकार को क्या करना है, भारत अपने आप ही तीसरी अर्थव्यवस्था बन जायेगा।
देखा जाये तो भारत की हर कामयाबी को कम करके आंकने और भारत की हर उपलब्धि का श्रेय गांधी परिवार को देने के लिए जयराम रमेश इतने आतुर रहते हैं कि उन्होंने कांग्रेस में बड़े से बड़े नेताओं को पीछे छोड़ दिया है। अब जयराम रमेश के निशाने पर जी-20 शिखर सम्मेलन है। इस सम्मेलन को दिव्य और भव्य रूप देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। मोदी शिखर सम्मेलन की तैयारियों से जुड़े हर पहलू पर करीबी नजर रख रहे हैं ताकि कहीं कोई कमी ना रह जाये। शिखर सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने दिल्ली के प्रगति मैदान में जो भारत मंडमप तैयार करवाया है उससे भारत का ही गुणगान पूरी दुनिया में होने वाला है। शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आने वाले विश्व नेताओं की आवभगत के लिए जो प्रबंध किये जा रहे हैं उससे भारत के आतिथ्य सत्कार का ही गुणगान विश्व भर में होने वाला है। लेकिन जयराम रमेश इस सबसे बहुत चिंतित हैं क्योंकि उन्हें यह अच्छा नहीं लगेगा कि शानदार आयोजन के लिए विश्व नेता मोदी की पीठ थपथपाएं। जयराम रमेश को लग रहा है कि मोदी इस सबका फायदा चुनावों में ले लेंगे। जयराम रमेश को लगता है कि मोदी को चुनावों में जी-20 का फायदा मिला तो वह कहीं फिर से प्रधानमंत्री ना बन जायें। दरअसल जयराम रमेश के इस पूरे डर के पीछे कारण यह है कि उनका खुद का कॅरियर दांव पर लगा हुआ है। जयराम रमेश जानते हैं कि यदि 2024 में कांग्रेस फिर चुनाव हारी तो सबसे पहले पार्टी के नेता उन पर ही गाज गिरायेंगे इसलिए वह हर रोज कोई ना कोई मुद्दा निकाल कर लाते हैं और प्रयास करते हैं कि इससे मोदी विरोध को हवा दी जा सके।
इसे भी पढ़ें: वाराणसी से प्रियंका वाड्रा की जीत के दावे करने वाले नेता कांग्रेस से अपनी दुश्मनी निकाल रहे हैं
जहां तक जी-20 के आयोजन से चुनावी लाभ होने की बात है तो जयराम रमेश को अपनी चिंता दूर करनी चाहिए। उन्हें पता होना चाहिए कि जी-20 के विभिन्न समूहों की बैठकें देशभर में आयोजित की गयीं। जिस भी शहर में यह बैठकें हुईं वहां की राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन ने मेहमानों की आवभगत में पलक-पांवड़े बिछा दिये और बैठक को हर मायने में सफल बनाया। जी-20 समूहों की बैठकों को सफल बनाने में कांग्रेस शासित राज्य भी पीछे नहीं रहे। इसलिए सवाल उठता है कि बैठक के सफल होने का फायदा वहां सत्ता में मौजूद पार्टी को मिला या देश को? कश्मीर में जी-20 पर्यटन समूह की सफल बैठक हुई। इसका फायदा कश्मीर को मिला या प्रधानमंत्री मोदी को? कश्मीर में जी-20 की सफल बैठक से विश्व को कश्मीर में सब कुछ सामान्य होने का संदेश गया या यह संदेश गया कि मोदी ने बहुत अच्छा इवेंट आयोजित किया था?
दरअसल हर उपलब्धि का श्रेय एक परिवार को देने के आदी नेता पिछले नौ सालों से यह बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं कि कैसे अब उपलब्धियां देश के नाम दर्ज हो जा रही हैं। हम आपको यह भी बता दें कि जब पिछले साल भारत को जी-20 की अध्यक्षता मिली थी तभी कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर दिया था कि दुनिया के सबसे बड़े इवेंट मैनेजर 2023 की शिखर बैठक का उपयोग असल मुद्दों से ध्यान भटकाने और अगले लोकसभा चुनाव में फायदा उठाने के लिए करेंगे। जयराम रमेश ने नवंबर 2022 में जो ट्वीट किया था उसमें कही गयी बातों को ही दोबारा कॉपी पेस्ट करके अब नये ट्वीट में कहा है कि जी-20 का गठन 1999 में हुआ था। उन्होंने कहा कि 19 देश और यूरोपीय संघ इसके सदस्य हैं। इसके गठन से लेकर अब तक बारी-बारी से 17 देशों में जी-20 शिखर सम्मेलन आयोजित हुआ है। अब भारत का नंबर है। लेकिन यहां इसे लेकर जिस तरह का चुनावी अभियान चलाया जा रहा है और माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है, वैसा किसी भी दूसरे देश में नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि वास्तव में ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि लोगों के ज़रूरी मुद्दों से ध्यान भटकाया जा सके। रमेश ने कहा, ‘‘हमें याद रखना चाहिए कि इसी नयी दिल्ली में 1983 में 100 से अधिक देशों का गुटनिरपेक्ष शिखर सम्मेलन और उसके बाद राष्ट्रमंडल देशों का शिखर सम्मेलन सफलतापूर्वक आयोजित हो चुका है। लेकिन तब की सरकार ने चुनावी फ़ायदे के लिए उन मौकों का इस्तेमाल नहीं किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘फिर मुझे लालकृष्ण आडवाणी की वह बात याद आ रही है। 5 अप्रैल 2014 को उन्होंने नरेन्द्र मोदी को एक शानदार इवेंट मैनेजर बताया था। जनता का ध्यान भटकाने के लिए प्रधानमंत्री इवेंट मैनेजमेंट ही कर रहे हैं।''
बहरहाल, जयराम रमेश का यह कहना सही है कि भारत को अध्यक्षता इसलिए मिली क्योंकि इस बार हमारे देश की बारी थी। जयराम रमेश की यह बात भी सही है कि कांग्रेस के समय में भी देश में वैश्विक आयोजन हुए। लेकिन जयराम रमेश को फर्क यह देखना चाहिए कि पहले के आयोजन जहां आज तक अपने घपले और घोटालों के लिए मशहूर हैं वहीं आज के आयोजन अपनी दिव्यता, भव्यता और भारत की संस्कृति, सभ्यता तथा इतिहास की अलौकिक झलक से लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बने हुए हैं या बन रहे हैं। दूसरी ओर, भाजपा ने इस मुद्दे पर जयराम रमेश पर पलटवार करते हुए कहा है कि यह समझ नहीं आता कि क्यों कांग्रेस देश में कुछ अच्छा होते हुए नहीं देखना चाहती। देखना होगा कि कांग्रेस का यह नया पैंतरा राजनीतिक विवाद को कहां तक ले जाता है।
-नीरज कुमार दुबे
from Hindi News - News in Hindi - Latest News in Hindi | Prabhasakshi https://ift.tt/dZ1VpxY
Comments
Post a Comment