Congress को भारी पड़ेगा PM Modi के पिता पर राजनीतिक हमले का Political Prayog

राजनीति में एक दूसरे की नीतियों में कमी बताते हुए या एक दूसरे की विचारधारा पर सवाल उठाते हुए हमले करना स्वाभाविक है। विपक्ष का भी दायित्व है कि वह सरकार के समक्ष जनहित के मुद्दे उठाये और उसकी नीतियों पर सवाल भी उठाये। लेकिन विपक्ष को यह अधिकार नहीं है कि वह सीधे प्रधानमंत्री के माता-पिता पर ही हमले करना शुरू कर दे। विपक्ष को समझना होगा कि लोकतंत्र में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका भले है लेकिन जब उसके हमले मर्यादा की सीमा को लांघते हैं तो लोकतंत्र शर्मसार होता है। देश की इस सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बड़ा हमला छेड़ा हुआ है। छोटे से लेकर हर बड़ा नेता सीधे प्रधानमंत्री पर हमले कर रहा है ताकि आलाकमान का ध्यान आकर्षित हो जाये।

दरअसल, कांग्रेस में पदों का जल्द ही बंटवारा होने वाला है इसलिए पार्टी के हर नेता का प्रयास है कि वह सबसे बड़ा हमला प्रधानमंत्री पर करे ताकि बड़े पद के काबिल समझा जाये। कांग्रेस के राष्ट्रीय पवन खेड़ा की बात करें तो पिछले साल जब कांग्रेस ने उन्हें राज्यसभा का टिकट नहीं दिया था तो उन्होंने ट्वीट किया था कि मेरी तपस्या में कौन-सी कमी रह गयी। संभवतः अब पवन खेड़ा को बता दिया गया है कि उनकी तपस्या में कौन-सी कमी रह गयी थी इसलिए वह अब प्रधानमंत्री के स्वर्गीय पिता का मजाक उड़ा रहे हैं। जिस व्यक्ति का राजनीति से दूर-दूर तक का नाता नहीं, जिसने गरीबी में जीवन बसर करके अपने बच्चों को देशसेवा के संस्कार दिये और जो व्यक्ति अब इस दुनिया में भी नहीं है, उनका मजाक बनाया जा रहा है।

देखा जाये तो नरेंद्र मोदी पर हमला कर-करके विपक्षी थक गये हैं क्योंकि इससे उन्हें सत्ता नहीं नसीब हो रही इसलिए गुजरात विधानसभा चुनावों में प्रधानमंत्री की माताजी पर हमला बोला गया था। परिणाम यह रहा कि आजादी के बाद गुजरात में किसी पार्टी को सबसे बड़ी विजय मिली और भाजपा ने लगातार सातवीं बार सरकार बनाई। अब विपक्ष प्रधानमंत्री के पिताजी पर हमला करके शायद एक और पॉलिटिकल प्रयोग कर रहा है। कांग्रेस को समझना होगा कि सत्ता में वापसी की बेकरारी में वह जो गलतियां करती चली जा रही है, कहीं उसके चलते कांग्रेस का सत्ता से वनवास और लंबा ना हो जाये।

इसे भी पढ़ें: PM Modi Father: कांग्रेस ने अब किया PM मोदी के पिता का अपमान, बीजेपी ने दिया ये रिएक्शन

यहां सवाल यह भी उठता है कि आखिर कांग्रेस के नेता बड़बोलेपन में विवादित बयान देते हैं या फिर पार्टी प्रधानमंत्री से कोई निजी द्वेष पाले हुए है? देखा जाये तो वर्षों से राजनीति में एक दूसरे पर व्यंग्य बाण चलाना, कटाक्ष करना तथा आरोप-प्रत्यारोप लगाने का सिलसिला चलता रहा है। लेकिन हाल के वर्षों में संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ जिस तरह के अमर्यादित आचरण करने की घटनाएं बढ़ रही हैं, वह लोकतंत्र के हित में नहीं हैं।

सवाल यह भी उठता है कि लंबे अरसे तक इस देश में कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री रहे उसके बावजूद पार्टी आखिर क्यों यह नहीं समझ पाई है कि प्रधानमंत्री पद पर बैठा व्यक्ति एक संवैधानिक संस्था के समान होता है। कांग्रेस के मन में मोदी विरोध कितना कूट-कूट कर भरा है इसका पता गुजरात विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस के घोषणापत्र से भी पता चला था जिसमें पार्टी ने वादा किया था कि वह गुजरात में सरकार बनने पर नरेंद्र मोदी स्टेडियम का नाम बदल देगी। बहरहाल, प्रधानमंत्री कई बार कह चुके हैं कि कांग्रेस जितना कीचड़ उछालेगी, कमल उतना ही खिलेगा।

-गौतम मोरारका


from Hindi News - News in Hindi - Latest News in Hindi | Prabhasakshi https://ift.tt/fFx05Uw

Comments

Popular posts from this blog

अफसरों के नाकारापन से नहीं थमेंगे नालंदा मंदिर जैसे हादसे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पांच देशों की सफल यात्रा

Kejriwal जैसा उदाहरण दोबारा ना बने, इसके लिए बड़ा विधेयक लाने की तैयारी में मोदी सरकार, 30 दिन जेल में रहे तो जायेगी PM, CM और मंत्री की कुर्सी